धर्मपुर के तनेहड़ गांव में भूस्खलन का कहर, दो मकान व सात गौशालाएं खतरे में
उपमंडल धर्मपुर की ग्राम पंचायत तनेहड़ गांव में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते शुक्रवार देर रात बड़ा भूस्खलन हुआ, जिससे दो रिहायशी मकान और सात गौशालाएं खतरे की जद में आ गई हैं। जानकारी के अनुसार हरयानाल में रहने वाले श्याम सिंह की गौशाला पर मलबा गिरने से एक गर्भवती भैंस और एक गाय की दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य छह से सात पशु भी बह गए हैं। अमर सिंह पुत्र नरोतम का घर और गौशाला भी भूस्खलन की चपेट में आ गया है। इसके अलावा जसवंत सिंह पुत्र कश्मीर, मनजीत पुत्र भागमल, गौरीदत्त, अशोक कुमार तथा चंदलाल पुत्र परसराम की गौशालाएं भी भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुई हैं। गौरीदत्त की बकरी मलबे में दब गई, अशोक कुमार की गाय, बकरी और बकरा भूस्खलन में मारे गए, जबकि चंदलाल की गौशाला में भी गाय, बकरी और बकरा दब गए हैं। प्रभावित मकानों के नीचे सुरक्षा के लिए बनाए गए डंगे मूसलाधार बारिश में ढह गए हैं, जिससे अब पूरे मकान असुरक्षित स्थिति में हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल संबंधित राजस्व अधिकारी को सूचना दी, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और रिपोर्ट तहसील कार्यालय को भेज दी है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत राशि और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वे फिर से अपने जीवन की शुरुआत कर सकें।












