एनएच निर्माण में गड़बड़ियों पर किसान सभा गरजी, एफआईआर की मांग, एक हफ्ते में कार्रवाई न हुई तो घेराव
हिमाचल किसान सभा ने धर्मपुर थाने में बीआरएन, गावर, एलएन मालवीय कंपनी और भूतल परिवहन विभाग के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पूर्व जिला पार्षद भूपेन्द्र सिंह और खंड अध्यक्ष रणताज़ राणा के नेतृत्व में 18 प्रभावितों ने थाना प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत में कहा गया है कि गासियां खड्ड से कुमाड्डा तक 28 जगह अवैध डंपिंग की गई है, जिससे दर्जनों घरों पर खतरा मंडरा रहा है। 2 मई को एसडीएम धर्मपुर ने कंपनी को 20 जून तक खड्ड से मलबा हटाने और 31 मई तक सड़क पक्की करने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक कोई काम नहीं हुआ। बरसात शुरू हो गई है और खड्ड का पानी रुक गया है।पाड़छु से हुक़्क़ल तक की गई अनियंत्रित ब्लास्टिंग से करीब डेढ़ दर्जन घरों में दरारें आ गई हैं। हुक़्क़ल स्कूल का रास्ता छह महीने पहले तोड़ दिया गया था, जहां कच्ची दीवार खड़ी कर दी गई है जो कभी भी गिर सकती है। स्कूल प्रबंधन ने तीन बार शिकायत की, लेकिन प्रशासन चुप है।बनाल में अवैध डंपिंग से ओबीसी और अनुसूचित जाति की बस्ती पर खतरा है। नालियां नहीं बनाई गईं, और दो दिन पहले की बारिश से तबाही मच गई।किसान सभा ने अब हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने और प्रशासन व कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का फैसला लिया है। भूपेन्द्र सिंह ने चेतावनी दी कि अगर एक हफ्ते में सुधार नहीं हुआ, तो धर्मपुर और सरकाघाट के एसडीएम कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।












