महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने पर भड़की कंगना रनौत, कहा- महिलाओं का हक दिलाकर रहेंगे
शिमला। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने पर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने विपक्ष को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने बिल का विरोध करने पर विपक्ष को जमकर खरी खोटी सुनाई। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी पर विश्वास जताते हुए कहा कि हम एक दिन ये बिल लाकर ही रहेंगे।
मंडी संसदीय क्षेत्र से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कहा, "इससे ज्यादा दर्दनाक घटना सदन में पहले कभी नहीं हुई। विपक्ष ने महिलाओं का हौसला तोड़ दिया है। यह मेरे लिए पर्सनल नुकसान जैसा है। हमें PM मोदी पर भरोसा है, और हम यह पक्का करेंगे कि महिलाओं को उनके अधिकार मिलें"।
कंगना रनौत ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि इससे शर्मनाक और दर्दनाक आज से पहले इस संसद में पहले कभी हुआ होगा। सारी बेटियों और महिलाओं का मनोबल गिराकर और तोड़कर रख दिया है। मुझे नहीं लगता है कि इस तरह की उम्मीद किसी ने भी विपक्ष से की थी। मुझे लगता है कि जैसा मेरा पर्सनल लॉस हुआ है। मुझे बहुत बुरा लग रहा है कि हमें आज ये दिन देखना पड़ रहा है। लेकिन जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम ये बिल लाकर ही रहेंगे। महिलाओं का उनका हक दिलाकर ही रहेंगे। हमें पीेम मोदी पर विश्वास है पक्का बेटियों को उनका हक मिलेगा।
बता दें कि मोदी सरकार विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण बिल, परिसीमन बिल और संविधान संशोधन बिल लेकर आई थी। इस बिल पर संसद में चर्चा हुई। इस बिल पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों के सांसदों के बीच सदन में तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। वहीं, लोकसभा में वोटिंग के दौरान महिला आरक्षण बिल पर पक्ष में 298 वोट पड़े और विरोध में 230 वोट पड़े। ऐसे में दो तिहाई से ज्यादा वोट नहीं मिलने से ये बिल लोकसभा में गिर गया। जिसके बाद से भाजपा कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर हमलावर है।












