अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस पर जय मां दुर्गा कॉलेज ऑफ नर्सिंग में हर्षोल्लास
अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के उपलक्ष्य में जय मां दुर्गा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, जोगिंद्रनगर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर कॉलेज परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गुरमीत कौर रहीं, जिन्होंने अपने अनुभव और मार्गदर्शन से छात्राओं को प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कॉलेज की प्रधानाचार्य छविता और संस्थान के निदेशक डॉ. राकेश धरवाल ने "अतिथि देवो भव" की परंपरा का निर्वहन करते हुए मुख्य अतिथि गुरमीत कौर को शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन समिति के सदस्य सुरेंद्र काचरू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में नर्सिंग को समाज सेवा का सबसे पवित्र कार्य बताया और कहा कि नर्सें केवल मरीजों की देखभाल ही नहीं करतीं, बल्कि उन्हें भावनात्मक संबल भी देती हैं। उन्होंने छात्राओं को नर्सिंग के मूल्यों के प्रति सजग रहने और सेवा भावना से कार्य करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर फ्लोरेंस नाइटिंगेल को विशेष रूप से याद किया गया, जिन्हें आधुनिक नर्सिंग की जननी कहा जाता है। 12 मई को उनकी जयंती के अवसर पर ही अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस मनाया जाता है। फ्लोरेंस नाइटिंगेल ने क्रीमियन युद्ध (1853-1856) के दौरान घायल सैनिकों की देखभाल कर नर्सिंग क्षेत्र को एक नई दिशा दी। "द लेडी विद द लैंप" के नाम से प्रसिद्ध नाइटिंगेल ने चिकित्सा सेवा को मानवीय दृष्टिकोण से जोड़ते हुए नर्सों की भूमिका को समाज में प्रतिष्ठा दिलाई। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। नृत्य, नाटिका और कविता पाठ जैसे विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से नर्सिंग सेवा की महत्ता को रेखांकित किया गया। अंत में कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन छात्राओं के लिए न केवल एक प्रेरणास्पद अनुभव रहा, बल्कि उन्हें नर्सिंग पेशे की गरिमा और जिम्मेदारियों का भी एहसास दिलाया।












