आपदा के समय भत्तों में बढ़ोतरी जनविरोधी फैसला : पंकज जमवाल
-भाजपा प्रवक्ता बोले, जब लोग राहत शिविरों में हैं तब कांग्रेस सत्ता के चहेतों को दे रही इनाम
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता पंकज जमवाल ने हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से उत्पन्न हालात पर चिंता जताते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मंडी जिला समेत पूरे हिमाचल में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है। दर्जनों गांवों में मकान ढह गए, फसलें नष्ट हो गईं, सड़कें और पुल बह गए, और लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। इस विकट परिस्थिति में सरकार की संवेदनहीनता की आलोचना करते हुए पंकज जमवाल ने कहा कि ऐसे समय में जब आम जनता पुनर्वास की बाट जोह रही है, कांग्रेस सरकार ने बोर्डों और निगमों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों का मानदेय 30 हजार से बढ़ाकर 80 हजार रुपए कर दिया है। साथ ही उन्हें आवास, वाहन और टेलीफोन भत्तों में भी भारी बढ़ोतरी दी गई है। भाजपा प्रवक्ता ने इस फैसले को बेहद जनविरोधी और असंवेदनशील करार देते हुए कहा कि यह कांग्रेस की कार्यशैली का परिचायक है। जब मंडी जैसे जिले प्राकृतिक आपदा से कराह रहे हैं, तब कांग्रेस अपने सत्ता के चहेतों को उपहार बांट रही है। उन्होंने इस फैसले को तुरंत रद्द करने की मांग की और कहा कि संसाधनों का उपयोग आपदा पीड़ितों के राहत और पुनर्वास में किया जाना चाहिए। पंकज जमवाल ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में सैकड़ों परिवार एक ही रात में बेघर हो गए हैं और उनके पास तन पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा है। ऐसे समय में कांग्रेस के नेता सत्ता के मित्रों को लाभ पहुंचाने में लगे हुए हैं, जो अत्यंत शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश सरकार का असली चेहरा एक बार फिर जनता के सामने आ गया है।












