संधोल में बीच सड़क पर शराबी चालक ने गाड़ी खड़ी कर कर लगाया घंटों जाम
- पुलिस ने काटा 20 हजार का चालान
संधोल हारसीपत्तन के बेहद व्यस्त मार्ग पर एक युवक अपनी कार एसपी56ए 4210 को बीच सड़क पर खड़ा कर उसमें बैठ गया। लोग पहले तो सामान्य रूप से उसे गाड़ी हटाने को कहते रहे, लेकिन जब देखा कि युवक पूरी तरह नशे में धुत है और होश खो चुका है, तो माहौल तनावपूर्ण बन गया। युवक ने जब आसपास के लोगों की बात सुनने से इनकार किया, तब समस्या और बढ़ गई। सड़क पर दोनों ओर से वाहन रुक गए और देखते ही देखते सैकड़ों गाड़ियों की कतार लग गई। यात्रियों को न केवल असुविधा हुई बल्कि कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। हैरानी की बात यह रही कि युवक न केवल गाड़ी हटाने से मना करता रहा बल्कि उसे समझाने आए लोगों से बदतमीजी और गाली-गलौज करने लगा। कुछ लोगों ने उसे शांत करने की कोशिश की तो वह उनसे मारपीट पर उतारू हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक का व्यवहार इस कदर आक्रामक था कि माहौल बिगड़ने का डर पैदा हो गया था। कई यात्रियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जो लंबा जाम लगने से परेशान हो उठे। स्थिति की गंभीरता देखते हुए लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही मुख्य आरक्षी हेम राम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने सबसे पहले सड़क जाम को खुलवाने की कार्रवाई की और गाड़ियों को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया। पुलिस ने जब युवक से गाड़ी हटाने और नशे की हालत में गाड़ी खड़ी करने का कारण पूछा तो उसने और भी अशोभनीय व्यवहार किया। हालांकि पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उसकी गाड़ी को सड़क से हटवाया और ट्रैफिक को सामान्य किया। नियमों के मुताबिक नशे की हालत में वाहन खड़ा करना और ट्रैफिक अवरोध पैदा करना गंभीर अपराध है। पुलिस ने युवक पर तुरंत कड़ी कार्रवाई करते हुए 20,000 रुपए का चालान किया। साथ ही पुलिस ने उसे सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह का कृत्य दोहराया गया, तो और भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कई लोगों ने मांग की कि ऐसे मामलों में केवल चालान काटने से काम नहीं चलेगा, बल्कि दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई और इस तरह की हिमाकत न करे। यात्रियों ने यह भी कहा कि अगर समय पर पुलिस मौके पर न पहुंचती तो युवक की हरकत से कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। पुलिस ने भले ही चालान काटकर तत्काल राहत दी हो, लेकिन समाज को इस तरह की घटनाओं से सीख लेकर जागरूक होना पड़ेगा। उधर, चौकी प्रभारी मुख्य आरक्षी हेम राज ने मामले की पुष्टि की है।












