नगर निगम मंडी की बैठक में उठे कनेक्टिविटी, जलस्त्रोत और भू-संरक्षण जैसे अहम मुद्दे
नगर निगम मंडी की हालिया साधारण बैठक में तीन मुख्य एजेंडों पर गहन चर्चा हुई। वार्ड नम्बर 4 (नेला) के पार्षद राजेन्द्र मोहन ने क्षेत्र में बन रहे जंक्शन और एनएचएआई द्वारा की गई कटिंग के बाद फैले मलबे को हटाने, जलस्त्रोत के स्थानांतरण तथा नालियों की स्थिति सुधारने की आवश्यकता जताई। उन्होंने नेला क्षेत्र को कुल्लू-मनाली और अप्पर भ्यूली से बेहतर जोड़ने पर भी बल दिया। वार्ड नम्बर 3 के पार्षद सोमेश उपाध्याय ने अप्पर भ्यूली क्षेत्र में पठानकोट-मनाली मार्ग के सुचारु संचालन और बेहतर कनेक्शन स्थापित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने आइआरआईटी क्षेत्र को भी इस कनेक्टिविटी में शामिल करने पर जोर दिया। वहीं, वार्ड नम्बर 1 की पार्षद अलकनंदा हांडा ने छिपणू, बिजनी और हमग्राम क्षेत्रों को फोरलेन मार्ग से जोड़ने और आवागमन की सुगमता हेतु आवश्यक कदम उठाने की मांग रखी।महापौर वीरेन्द्र भट्ट शर्मा की अध्यक्षता में पार्षदों, नगर आयुक्त रोहित राठौर, सहायक अभियंता नरेश और एनएचएआई अधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जंक्शन, अप्पर भ्यूली की निर्माणाधीन टनल और वार्ड 4 में स्थित बावड़ी का जायजा लिया गया। अधिकारियों को मलबा हटाने और सुरक्षा दीवार लगाने के निर्देश दिए गए, जिस पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन मिला। भीमाकाली मंदिर से खलियार तक सड़क में पड़े गड्ढों और नालियों की मरम्मत हेतु भी निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षित यातायात ही नगर निगम का प्राथमिक उद्देश्य है, जिससे समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।












