स्याठी आपदा पीड़ितों की मदद को उठे सैंकड़ों हाथ, प्रभावितों ने बनाई पुनर्वास कमेटी
सरकाघाट के धर्मपुर क्षेत्र के स्याठी गांव में आई भीषण बाढ़ से तबाह हुए परिवारों की मदद के लिए देश-विदेश से लोग आगे आ रहे हैं। सैंकड़ों लोग पीड़ितों की सहायता के लिए राशन, कपड़े, कंबल, जूते और नकद राशि एकत्रित कर रहे हैं। जिला पार्षद वंदना गुलेरिया ने राहत सामग्री से भरा टेंपो पीड़ितों को भेंट किया। वहीं पंचायत समिति सदस्य शिवकुमार वर्मा ने मासला स्थित अपना छह कमरों का मकान और 35 बीघा उपजाऊ जमीन पीड़ितों के लिए अस्थायी रूप से देने की घोषणा की है। राज्य सूचना आयुक्त डॉ. एसएस गुलेरिया ने ₹1 लाख की सहायता दी है और स्वयं राहत सामग्री लेकर शिमला से प्रभावित क्षेत्र पहुंच रहे हैं। सरकाघाट की सेवा संकल्प समिति ने स्याठी और भद्राना गांव के प्रत्येक प्रभावित परिवार को ₹10-10 हजार की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। स्याठी के बीस प्रभावित परिवारों ने एक सात सदस्यीय कमेटी बनाई है जिसकी अध्यक्ष अत्ति देवी हैं। यह कमेटी पुनर्वास की औपचारिकताएं पूरी करने, सरकार और संस्थाओं से प्राप्त मदद के वितरण और वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने का काम करेगी।












