बगलामुखी रोप-वे के सफर में भारी छूट, माता बगलामुखी मंदिर कमेटी ने किया स्वागत
चंडीगढ़ मनाली सड़क मार्ग पर पंडोह डैम के कैंची मोड़ से माता बगलामुखी मंदिर के दर्शनों के लिए बने रोप-वे के सफर में भारी छूट दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोप-वे की संचालन आरटीडीसी ने नवरात्रि के पावन अवसर पर माता बगलामुखी के दर्शन के लिए भक्तों को किराए में भारी छूट दी है, जिससे हर आदमी माता के दर्शन कर सकें। जानकारी के अनुसार अब प्रति सवारी से 60 रुपए एकतरफा किराया तथा 100 रुपए दोनों तरफ के रूप में लेने का निर्णय लिया है। यह निर्णय मंडी और कुल्लू जिला के भगतों की सुविधा के लिए लिया गया है। बता दें कि आम लोगों से आम दिनों में प्रति सवारी 150 रुपए और आने जाने का 250 रुपए प्रति व्यक्ति लिया जाता है। माता बगलामुखी मंदिर कमेटी के प्रधान टेक चंद ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आरटीडीसी का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण माता के मंदिर को आनी वाली सड़क क्षतिग्रस्त है। भक्तों को पडोह से बाखली पुल तक वाहनों से और उसके बाद 1.5 किलोमीटर पैदल आने पर माता के दर्शन हो सकेंगे, जबकि रोप-वे से मात्र 5 मिनटों में माता रानी के दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार के नवरात्रि में भक्तों के लिए हर तरह की सुविधा प्रदान की जा रही है।












