बेटे-बहू का कहर: बुजुर्ग पिता पर दराट और डंडों से किया वार, अधमरा कर हुए फरार
जिला मंडी के लडभड़ोल क्षेत्र की कोलंग पंचायत के डगू गांव से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग पिता पर उसके ही बेटे और बहू ने जानलेवा हमला कर दिया।
इस वारदात में 63 वर्षीय प्रेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल प्रेम सिंह के अनुसार, उनके बेटे ने प्रेम विवाह किया था और बहू पहले से ही शादीशुदा थी। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद और तनाव का माहौल बना हुआ था।
प्रेम सिंह ने बताया कि रविवार को उन्होंने अपने बेटे और बहू को घर के ताले तोड़ते हुए देख लिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो दोनों गुस्से में आ गए और पीछे से उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपियों ने दराट और डंडों से बेरहमी से पिटाई की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के दौरान बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों के आने की आहट मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल हालत में भी प्रेम सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए खुद 108 एंबुलेंस को कॉल किया, जिसके बाद उन्हें लडभड़ोल के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में छुट्टी होने के कारण मौजूद नर्स ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तुरंत जोगिंदरनगर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
उधर, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिश्तों को तार-तार करती इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है।












