हिमाचल किसान यूनियन ने बल्ह में उठाईं 20 सूत्रीय मांगें
हिमाचल किसान यूनियन की ब्लॉक स्तरीय बैठक कृषि विभाग भंगरोटू में चौधरी राम (विषय वाद विशेषज्ञ) के साथ संपन्न हुई। इस बैठक में हिमाचल किसान यूनियन के बल्ह ब्लॉक के प्रधान देवराज, सचिव कृष्ण चौधरी, कोषाध्यक्ष मेहरचंद, सलाहकार भगत राम, कुम्मी यूनिट के सदस्य डुमराम, बलवंत सिंह तथा विशेष तौर पर आमंत्रित यूनियन प्रदेशाध्यक्ष डॉ सीताराम वर्मा, प्रदेश कार्यकारी प्रधान भूप सिंह भी उपस्थित रहे। बल्ह ब्लॉक के प्रधान तथा सचिव ने किसानों के हितों को मद्देनजर रखते हुए एक 20 सूत्रीय मांग पत्र कृषि विषय बाद विशेषज्ञ को सौंपा। किसान नेताओं ने मांग की है कि हिमाचल में किसान आयोग गठित हो, कृषि को उद्योग का दर्जा मिले, एमआईएस कृषि सिंचाई योजना पुनः बहाल किया जाए, कांटेदार तार की बाड़ बंदी 70/30 उपादान पर दी जाए जिसे कृषक स्वयं लगाएं, कृषि विभाग की भूमि किसी कंपनी व अन्य हित धारक को न दी जाए, कृषि योजना के अंतर्गत कृषि संबंधित संयंत्र विद्युत मोटर टुल्लू पंप तिरपाल इत्यादि 50 प्रतिशत उपादान पर उपलब्ध करवाए जाएं। बल्ह में टमाटर पर आधारित लघु उद्योग लगाने का प्रस्ताव प्रेषित किया जाए l प्रदर्शन बीजों का आबंटन कलस्टर स्तर पर वितरण करने जरलू सब्जी मंडी का कार्य शीघ्र आरंभ करने, कृषि विभाग के विक्रय केदो में मल्टीपर्पज वर्कर रखने, बरसीम, आलू सरसों तथा सब्जियों के बीज व गेहूं की उन्नत किस्म के बीच समय पर उपलब्ध करवाने, बल्ह विकासखंड के अंतर्गत क्रेहड़ी नाला, कुम्मी नाला तथा स्योली नाला का तटीकरण करके सुकेती खडड में मिलाया जाने, लूनापानी किसान भवन में कृषकों को बैठक करने की समुचित व्यवस्था करने की मांगे उठाईं गईं हैं। कृषि अधिकारी चौधरी राम ने किसानों का मांग पत्र पर आश्वासन दिया कि वह हमेशा किसानों के साथ हैं व मामला उच्च अधिकारियों के साथ उठाएंगे।












