अश्मिता खेलो इंडिया महिला किकबॉक्सिंग सिटी लीग में हिमाचल की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, मंडी विजेता, शिमला और बिलासपुर उपविजेता, 112 खिलाड़ियों ने लिया भाग
भारतीय किकबॉक्सिंग महासंघ (वाको इंडिया) द्वारा खेलो इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत देश के 50 शहरों में आयोजित की जा रही अश्मिता महिला किकबॉक्सिंग लीग की शुरुआत हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में हुई। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश की 10 टीमों की 112 महिला खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु व भार वर्गों में भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में नामधारी दिल्ली पब्लिक स्कूल की उप प्रधानाचार्या मीनू मुख्य अतिथि रहीं, जबकि राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ संजय कुमार यादव ने आयोजन की जानकारी दी। तकनीकी निदेशक हंस राज शर्मा के अनुसार मंडी जिला 12 स्वर्ण पदकों के साथ विजेता रहा जबकि शिमला और बिलासपुर ने 8-8 स्वर्ण पदकों के साथ संयुक्त उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। म्यूजिकल फॉर्म इवेंट में सानिया चौहान मंडी ने स्वर्ण और क्रिस्टीन राणा हमीरपुर ने रजत पदक जीता। सब जूनियर वर्ग में साध्वी सानवी मंडी ने स्वर्ण तथा तमन्ना बिलासपुर ने रजत पदक जीता। जूनियर वर्ग में सुमेधा पराशर मंडी ने स्वर्ण तथा श्रेया ठाकुर कांगड़ा ने रजत पदक जीता। सीनियर वर्ग में तनीषा ठाकुर मंडी ने स्वर्ण और दिया शर्मा बिलासपुर ने रजत पदक हासिल किया। क्रिएटिव फॉर्म टीम इवेंट में मंडी और बिलासपुर का दबदबा रहा। प्वाइंट फाइटिंग इवेंट में विभिन्न आयु व भार वर्गों में प्रदेश की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सभी विजेता खिलाड़ी आगामी नॉर्थ जोन अश्मिता किकबॉक्सिंग लीग में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। समारोह में उपेंद्र शर्मा, कृष्ण लाल, रणबीर ठाकुर, संजय कुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।












