सुमति समिति क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आगाज, मुख्य अतिथि केके सकलानी ने की 31,000 रुपए की घोषणा
लडभड़ोल तहसील की खद्दर पंचायत के चकरोड मैदान में मंगलवार को तीन दिवसीय सुमति समिति क्रिकेट प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। इस खेल महाकुंभ का शुभारंभ जोगिंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी केके सकलानी ने बतौर मुख्य अतिथि किया। प्रतियोगिता के आयोजकों अनिल, राकेश और शेर ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर केके सकलानी ने आयोजन समिति को ₹31,000 की सहयोग राशि देने की घोषणा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने में अत्यंत सहायक होते हैं। उन्होंने कहा, "खेल युवाओं को न केवल स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर करते हैं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुणों से भी परिपूर्ण करते हैं। आज की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना है तो ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।" प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया। सबसे रोमांचक मुकाबला खद्दर-बी और चलौटी-बी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें खद्दर-बी ने चलौटी-बी को 10 रनों से शिकस्त दी। वहीं, एक अन्य मुकाबले में ठारा की टीम ने रक्तल को 50 रनों से हराकर जीत दर्ज की। कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य संजीव शर्मा, खद्दर पंचायत की प्रधान प्रीत देवी, उपप्रधान विजय कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। दर्शकों में भी भारी उत्साह देखा गया और मैदान में खेल प्रेमियों की खूब भीड़ उमड़ी। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है। आयोजकों ने बताया कि विजेता टीम को पुरस्कार वितरण समारोह में ट्रॉफी और नकद राशि से सम्मानित किया जाएगा।












