पूर्व सांसद रामस्वरूप शर्मा की स्मृति में पहलून में दो दिवसीय मेले का भव्य शुभारंभ
-हस्तरेखा विशेषज्ञ डॉ. लेखराज शर्मा रहे मुख्य अतिथि
-सांस्कृतिक संध्या और महिला मंडलों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
जोगिंद्रनगर उपमंडल की मसौली पंचायत के पहलून गांव में सोमवार को स्वर्गीय सांसद रामस्वरूप शर्मा की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय "रामस्वरूप शर्मा मैमोरियल मेला" का भव्य शुभारंभ किया गया। इस मेले का विधिवत उद्घाटन विश्वविख्यात हस्तरेखा विशेषज्ञ डॉ. पंडित लेखराज शर्मा ने किया। मेला आयोजन समिति और युवक मंडल पहलून की ओर से मुख्य अतिथि को शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. लेखराज शर्मा ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक हैं और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन समिति और युवक मंडल को इस आयोजन के लिए बधाई दी।
युवाओं और महिलाओं के लिए विविध प्रतियोगिताएं
मेला आयोजन समिति के सदस्य शांतिस्वरूप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मेला युवक मंडल पहलून और मंत्रा फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया जा रहा है। 10 और 11 जून तक चलने वाले इस मेले में युवाओं और महिलाओं के लिए विभिन्न पारंपरिक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है।
युवाओं के लिए कबड्डी, क्रिकेट, महिलाओं के लिए रस्साकशी, संगीत कुर्सी, मटका फोड़ और सामूहिक गीत प्रतियोगिताएं विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।
पहाड़ी रंग में रंगी सांस्कृतिक संध्या
मेले के पहले दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में संगीत प्रेमियों के लिए मनोरंजन का बेहतरीन आयोजन किया गया। सारेगामापा फेम गायक सुनील चौहान ने अपनी दमदार प्रस्तुति से माहौल में रंग भर दिया। उनके अलावा लोकगायक राकेश रावत, मनोहर ठाकुर, विकास शर्मा और सोनी ठाकुर ने पहाड़ी लोकगीतों की प्रस्तुतियों से समां बांधा। कार्यक्रम का मंच संचालन दीपन ठाकुर ने बखूबी निभाया।
महिला मंडलों की पारंपरिक प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान
मेले के दौरान महिला मंडलों द्वारा पारंपरिक उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। झलवान, पहलून, शिव जिमजिम्मा, बागेश्वर धाम, झलवान अन्नपूर्णा, हार झलवान, खिल भटेहड़ और अप्पर हार महिला मंडलों द्वारा लगाए गए स्टॉलों ने स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और महिलाओं के हुनर की अनूठी झलक पेश की। प्रदर्शनी को लोगों ने खूब सराहा और इसकी जमकर प्रशंसा की।
दूसरे दिन भी रहेगी विभिन्न गतिविधियों की धूम
मेला 11 जून तक विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद और पारंपरिक गतिविधियों के साथ जारी रहेगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे बड़ी संख्या में आकर इस आयोजन को सफल बनाएं और स्वर्गीय रामस्वरूप शर्मा की स्मृति को समर्पित इस सांस्कृतिक मेले में सहभागी बनें।












