कतकल नाला में गिरी गाय को दमकल विभाग ने किया रेस्क्यू, मालिक ने जताया आभार
तहसील मुख्यालय लडभड़ोल के समीप स्थित कतकल नाला में वीरवार सुबह एक गाय गिर गई, जिसे दमकल विभाग जोगिंद्रनगर की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार संजय कुमार, निवासी कुणी लडभड़ोल, अपनी गाय को चराने के लिए गांव से कुछ दूरी पर कतकल क्षेत्र में ले गए थे। इस दौरान गाय का पांव फिसल गया और वह नाले में जा गिरी। संजय कुमार ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए दमकल विभाग जोगिंदरनगर को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग जोगिंदरनगर के प्रभारी लेख राम भारद्वाज अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित नाले से बाहर निकाल लिया गया। गाय को सुरक्षित पाकर संजय कुमार ने राहत की सांस ली और दमकल विभाग की टीम का आभार प्रकट किया। प्रभारी लेख राम भारद्वाज ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली, टीम को तुरंत रवाना कर दिया गया और समय रहते गाय को बचा लिया गया। दमकल विभाग की इस तत्परता और समर्पण की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।












