सुंदरनगर और बल्ह के किसान सुगंधित पौधों की खेती पर प्रशिक्षण हासिल करने कुल्लू के लिए रवाना
जिला मंडी के सुंदरनगर और बल्ह ब्लॉक के 40 किसान सुगंधित पौधों की खेती, कटाई के बाद प्रबंधन और विपणन पर प्रशिक्षण हासिल करने जिला कुल्लू के लिए रवाना हो गए। विषय विशेषज्ञ उद्यान विभाग सुंदरनगर डॉ राजेश शर्मा ने बताया कि मौहल कुल्लू में उद्यान विभाग सुंदरनगर और बल्ह ब्लॉक की महक योजना द्वारा वित्त पोषित सुगंधित पौधों के रोपण एवं कटाई के पश्चात प्रबंधन एवं विपणन पर 26 से 30 मई तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सुंदरनगर और बल्ह ब्लॉक के 40 किसान भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान किसानों को सुगंधित पौधों की खेती से संबंधित जानकारी तथा विभिन्न विशेषज्ञों की ओर से व्यावहारिक माध्यमों से प्रशिक्षण दिया जाएगा। किसानों के साथ उद्यान विकास अधिकारी बल्ह शिवाली, उद्यान विकास अधिकारी सुंदरनगर अनुपमा, उद्यान प्रसार अधिकारी सुंदरनगर कर्म सिंह उपस्थित रहे।












