बाड़ी गुमाणू में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांचा 200 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य
प्रेस क्लब मंडी, सेवा भारती और हिमाचल मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में बाड़ी गुमाणू स्थित सेवा भारती के छात्रावास में रविवार को एक बहु-विशेषज्ञ निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 200 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। कैंप में जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की, वहीं उनके टेस्ट भी मौके पर ही करके दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध करवाई गई। एडीसी मंडी रोहित राठौर ने भी शिविर में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। उन्होंने सेवा भारती छात्रावास के बच्चों से मुलाकात करके उन्हें मिल रही सुविधाओं का जायजा भी लिया। रोहित राठौर ने कहा कि संयुक्त रूप से आयोजित किए गए इस कैंप के माध्यम से ग्रामीणों को घर द्वार पर विशेषज्ञों की सेवाओं का लाभ मिला है। उन्होंने इसके लिए प्रेस क्लब, सेवा भारती और एचएमआरयू को बधाई दी।
प्रेस क्लब मंडी के महासचिव हंस राज सैनी ने कहा कि यह क्लब का पहला कैंप था लेकिन भविष्य में इस क्रम को लगातार जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। भविष्य में शिक्षण संस्थानों में इस तरह के कैंप लगाकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। सेवा भारती के अध्यक्ष खेम चंद शास्त्री ने कहा कि सामूहिक रूप से किए गए इस प्रयास से आम जनता को लाभ मिला है और इस प्रयास को भविष्य में भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, कैंप में अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने आए लोगों ने इसका पूरा लाभ उठाया। सुरेश गुप्ता और प्रतिभा ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण स्तर पर जो सुविधाएं कैंप के माध्यम से मुहैया करवाई गई, वे तारीफ-ए-काबिल हैं। भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए।
शिविर में श्री हरिहर अस्पताल गुटकर के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक अपनी सेवाएं दी। विशेषज्ञ डॉक्टरों में डॉ. कमल के. सिंह (यूरोलॉजिस्ट), डॉ. पीसी. राणा (कार्डियोलॉजिस्ट), डॉ. नवीन कुमार (गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट), डॉ. हरीश एचबी (न्यूरोलॉजिस्ट), डॉ. उमेश चंदेल (मेडिसिन), डॉ. पंकज मंगोत्रा (हड्डी रोग), डॉ. अविनाश कुमार (सर्जन), डॉ. विकास (बाल रोग), डॉ. आनंद राजन (फिजियोथेरेपी), डॉ. विनीत शर्मा (मानसिक रोग), डॉ. विक्रांत कुमार (ईएनटी) और हिमाचल डेंटल कॉलेज सुंदरनगर की दंत चिकित्सकों की टीम शामिल रही।












