रिकॉर्ड समय में क्षतिग्रस्त टावर का वैकल्पिक प्रबंधन कर विद्युत संचार लाइन बहाल
हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड ने हाल ही में भारी बारिश से प्रभावित हुए मंडी के 9 मील के पास विद्युत टावर से लाइन को सुचारू कर दिया है जिससे मंडी शहर की विद्युत आपूर्ति अब और अधिक बेहतर हो जाएगी। बोर्ड के प्रवक्ता अनुराग पाराशर ने बताया कि इस विद्युत टावर से वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर इस पर युद्ध स्तर पर कार्य कर बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों की दिन रात की मेहनत ने इस कार्य को सफल बनाया है।गौरतलब है कि हाल ही में भारी बारिश से पंडोह के पास 9 मील में 132 केवी की डबल सर्किट बिजनी लारजी कांगु विद्युत संचार लाइन को टावर सहित बहुत नुकसान पहुंचा था और मंडी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था के लिए 66 के वी शानन बिजनी तथा 33 केवी रत्ती -मेडिकल कॉलेज -बड़सू- बिजनी लाइन से बिजली आपूर्ति की जा रही थी, जिसमें अत्यधिक विद्युत भार से विद्युत आपूर्ति में बोर्ड को बहुत समस्या आ रही थी फिर भी बेहतर प्रबंधन कर बोर्ड ने अपने सभी विद्युत उपभोक्ताओं को अधिक समस्या नहीं आने दी। आज इस लाइन के रिकॉर्ड समय में शुरू होने से बोर्ड और उपभोक्ताओं दोनों के समस्या को दूर कर दिया है। अनुराग पाराशर ने कहा की बोर्ड प्रबंधन ने इस कामयाबी पर बोर्ड के मंडी कार्यरत अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की सराहना की है।












