पेयजल आपूर्ति बहाल, जल रक्षकों ने दिखाया समर्पण, सराज विधानसभा क्षेत्र के बागी भनवास पंचायत में फिर से पहुंचा पानी
हिमाचल प्रदेश के सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बागी भनवास में भारी बारिश के कारण पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई थी। इस संकट की घड़ी में जल रक्षक महासंघ ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया है। जल रक्षक कमल डोलम चंद और पैरा फिटर सहयोगी ने मिलकर एक गांव तक पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। जल रक्षकों का कहना है कि वे किसी भी फील्ड से पीछे नहीं हटते। चाहे वह कोरोना काल की चुनौती हो या फिर आपदा की विकट परिस्थिति, जल रक्षक हर समय मैदान में डटे रहते हैं। उनका यह योगदान राज्य सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का प्रमाण है। प्रदेश महासचिव डोलम चंद ने बताया कि जल रक्षक लंबे समय से अपनी नियमितीकरण की मांग सरकार से कर रहे हैं। जिन जल रक्षकों ने 12 वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें शीघ्र रेगुलर किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी मांग उठाई कि नियमितीकरण की अवधि को 12 वर्ष से घटाकर 8 वर्ष किया जाए, ताकि जल रक्षकों को उचित सम्मान और सुरक्षा मिल सके। महासंघ को उम्मीद है कि आगामी कैबिनेट बैठक में सरकार इस दिशा में निर्णय लेगी।












