ग्राम पंचायत खडीहार में पेयजल संकट गहराया, ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जताई नाराजगी
- प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, पानी की आपूर्ति बहाल करने की उठाई मांग
गर्मियों की दस्तक के साथ ही जोगिंद्रनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत खडीहार में पेयजल संकट ने विकराल रूप धारण कर लिया है। पानी की भीषण किल्लत से परेशान ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। सोमवार को पंचायत के उपप्रधान रिटायर्ड कर्नल मस्त राम के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम जोगिंद्रनगर से भेंट की और पानी की समस्या के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। उपप्रधान मस्त राम ने बताया कि गांव में बीते कई दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप पड़ी है। गांव में पानी की सप्लाई पहले एक खुले नाले से की जा रही थी, लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ-साथ वह नाला भी सूख गया है। उस नाले के पानी में साफ-सफाई का कोई प्रबंध नहीं था, जिससे स्वास्थ्य संबंधित बीमारियों का खतरा भी हमेशा बना रहता है। उन्होंने यह भी बताया कि गांव में वर्षों पहले दो पाइप लाइनों को बिछाया गया था, लेकिन लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद उन पाइप लाइनों से आज तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। यह व्यवस्था केवल कागजों में ही सिमट कर रह गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी की आपूर्ति बहाल करने के लिए जल्द से जल्द ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।












