जिला पंचायत अधिकारी ने पडोह पंचायत के विकास कार्यों का किया निरीक्षण
मंडी जिला पंचायत अधिकारी अजित डोगरा ने मंगलवार को पंडोह के विकासात्मक कार्यों का औचक निरीक्षण किया। जिसमें उन्होंने पंचायत घर के प्रांगण में बने सीएससी भवन और पुस्तकालय सभागार का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत प्रधान को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने सीएचसी का सुंदर भवन निर्मित किया है, जिसमें अब भीतरी साज सज्जा होनी शेष है। उन्होंने अनौपचारिक बातचीत में बताया कि पंडोह में पुस्तकालय की अत्यंत आवश्यकता है। जिसके लिए हमने विभाग की ओर से एक अच्छी पहल की है। उम्मीद है कि पंचायत जल्द ही पुस्तकालय शुभारंभ करेगी, जिससे स्थानीय लोगों विशेषकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे युवाओं को बड़ी मदद मिलेगी। और वे उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सकेंगे। उन्होंने पंचायत के विकासात्मक कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा कि महिला जनप्रतिनिधि को बहुत सारी चुनौतियां का सामना करना पड़ता है। फिर भी वे अपने कर्तव्य को बहुत लग्न, निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाती है। पंचायत प्रधान गीता ने बताया कि जिला पंचायत अधिकारी मंगलवार को हमारी पंचायत में आए। यह उनका रूटीन विजीट था। इन्होंने हमारी पंचायत को 5 लाख सीएससी के लिए और 7 लाख रुपए सार्वजनिक पुस्तकालय के लिए दिए हैं। ये कार्य प्रगति पर है। हम जल्दी ही दोनों कार्यों को शुरू करेंगे, ताकि आम जनमानस को इसका सीधा लाभ मिल सके।












