ग्राम पंचायत बगशाड़, शालग, कांडा व काहणों के स्वयंसेवियों के लिए आपदा जोखिम न्यूनीकरण जागरूकता संबंधी कार्यशाला शुरू
करसोग में आपदा जोखिम न्यूनीकरण व आपदा जोखिम से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी के सौजन्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगशाड़ में नायब तहसीलदार बगशाड़ मेहर सिंह वर्मा की अध्यक्षता में शुरू हुई। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रशिक्षण कार्यशाला में ग्राम पंचायत बगशाड़, शालग, कांडा व काहणों के 60 स्वयंसेवी प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं। जिला प्रशासन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से जिला की विभिन्न पंचायतों में प्रशिक्षण व जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है ताकि समय रहते लोगों को जागरूक कर आपदा जोखिम को कम किया जा सके। प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिला सर्व समन्वयक अमरजीत सिंह ने आपदा से जुड़े विभिन्न पहलुओं के ऊपर विस्तार से चर्चा की जैसे कि भूकंप के दौरान क्या करें क्या ना करें और भूकंप के दौरान पानी कैसे पिए कैसे पानी का इस्तेमाल करें इसकी विस्तृत जानकारी लोगों को दी और साथ ही प्राथमिक उपचार के बारे में जानकारी प्रदान की गई और सभी स्वयंसेवी प्रशिक्षुओं से अभ्यास कराया गया। भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, जंगल की आग एवं सड़क दुर्घटना के प्रति त्वरित सुरक्षा को लेकर विस्तार से जानकारी लोगों को दी गई। उन्होंने बताया कि समस्त सर्व टास्क फोर्स, यूथ वॉलिंटियर, आपदा मित्र, महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह, युवक मंडल तथा पंचायत में बनी आपदा प्रबंधन कमेटी पंचायत प्रधान पंचायत कमेटी तथा एनजीओ से आग्रह किया कि अपने पंचायत स्तर पर बैठक सुनिश्चित कर लोगों को जागरूक करें । उन्होंने कहा कि अपने आसपास के क्षेत्र की नदी नालों व घरों के आसपास कूड़ा या पानी का रास्ता अवरुद्ध न करें व मानसून आने से पहले उनकी साफ सफाई अपने स्तर पर करना सुनिश्चित करें ताकि आने वाले समय में किसी भी आपदा का सामना न करना पड़े।












