धन्वंतरि स्वास्थ्य मिशन ने स्याठी आपदा पीड़ितों को दी ₹40,000 की आर्थिक मदद और राहत सामग्री, पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने दिया हर संभव सहायता का भरोसा
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित स्याठी गांव के पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए आज धन्वंतरि स्वास्थ्य मिशन बसंतपुर की ओर से मानवीय पहल करते हुए ₹40,000 की आर्थिक सहायता और आवश्यक खाद्य सामग्री वितरित की गई। संगठन के कार्यकर्ताओं ने गांव पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाई और उनके दुःख की इस घड़ी में साथ खड़े होने का संदेश दिया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से पीड़ितों से संवाद किया और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यह आपदा की घड़ी है, जिसमें समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। धूमल ने यह भी कहा कि संकट की इस घड़ी में वे स्वयं और उनकी टीम पूरी तरह से प्रभावितों के साथ है। धन्वंतरि स्वास्थ्य मिशन की इस पहल को स्थानीय लोगों और प्रशासन की ओर से सराहा गया, और यह सहायता आपदा राहत कार्यों में एक मजबूत सहयोग के रूप में देखी जा रही है।












