मैन भरोला पंचायत के उप प्रधान ने प्रस्तावित परिसीमन सूची पर जताया विरोध, ढेलू जिला परिषद वार्ड में शामिल करने की उपायुक्त मंडी से मांग
विकास खंड चौंतड़ा की ग्राम पंचायत मैन भरोला के उप प्रधान संजय जमवाल ने जिला परिषद मंडी के निर्वाचन क्षेत्रों के लिए जारी की गई प्रस्तावित परिसीमन सूची पर कड़ा ऐतराज़ जताया है। उन्होंने पंचायत को वर्तमान नेर घरवासड़ा वार्ड से हटाकर लडभड़ोल क्षेत्र के दलेड वार्ड में शामिल करने के निर्णय को पंचायत की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों के विपरीत बताया।
संजय जमवाल ने कहा कि मैन भरोला पंचायत की भौगोलिक स्थिति दलेड वार्ड से मेल नहीं खाती, जबकि ढेलू जिला परिषद वार्ड इस पंचायत से भौगोलिक रूप से सटा हुआ और सामाजिक रूप से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नए परिसीमन से पंचायत को विकास से वंचित कर राजनीतिक दृष्टि से हाशिए पर धकेलने की आशंका है। उन्होंने आशंका जताई कि दलेड वार्ड में शामिल किए जाने के बाद पंचायत की समस्याएं अनसुनी रह जाएंगी और जिला परिषद सदस्य द्वारा वितरित विकास निधि का भी उचित लाभ नहीं मिल पाएगा। इससे न केवल जनता का नुकसान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी बाधा उत्पन्न होगी। उप प्रधान संजय जमवाल ने उपायुक्त मंडी से मांग की है कि मैन भरोला पंचायत को प्रस्तावित दलेड वार्ड में शामिल न कर ढेलू जिला परिषद वार्ड में सम्मिलित किया जाए, जिससे पंचायत को न्यायसंगत प्रतिनिधित्व और विकास का लाभ मिल सके।












