बड़ाग्रां से धर्मशाला के लिए सीधी बस चलाने की मांग
छोटाभंगाल घाटी तथा चौहार घाटी के लोगों ने बड़ाग्रां से धर्मशाला के लिए सीधी बस चलाने मांग को एक बार फिर से अपनी आवाज़ को बुलंद किया है। इस बस से लाभान्वित होने वाले इन दोनों घाटियों के लोगों में जसवंत सिंह, सुदर्शन कुमार, प्यार चंद, अजय कुमार, रूप लाल, उत्तम चंद, पूर्ण चंद कश्मीर सिंह, प्रेम सिंह, मेद राम, श्याम सिंह, रोशन लाल व बलदेव सिंह आदि का कहना है कि दोनों घाटियों में सरकारी तथा निजी बसों के रूट मंडी तथा पालमपुर तक ही सुचारू रूप से चलाए जा रहे हैं, मगर यहां के लोगों को अगर शीतकालीन राजधानी धर्मशाला जाना हो तो लोगों को सीधी बस न मिलने से पालमपुर से धर्मशाला तक जाने के लिए दूसरी बस में जाना पड़ता है, जिस कारण उन्हें कई प्रकार की मुशिकलों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि धर्मशाला में लगभग सभी विभाग के मुख्य कार्यालय स्थित है, जिसके चलते उन्हें प्रतिदिन ही कोई न कोई कार्य निपटाने के लिए धर्मशाला जाना पड़ता है, इसलिए छोटाभंगाल घाटी के अंतिम बस ठहराव बड़ाग्रां से एक सरकारी बस सीधा धर्मशाला के लिए चलाया जाना अति आवश्यक हो गया है। इन लोगों सहित घाटियों के समस्त लोगों का कहना है कि अगर सरकार बड़ाग्रां से धर्मशाला के लिए सीधी बस चालू कर देती तो इसका घाटीवासियों को भरपूर लाभ मिलेगा। इससे दोनों घाटियों को पर्यटन क्षेत्र में और भी बढ़ावा मिल सकता है। दोनों घाटियों के समस्त लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की है कि यहां के लोगों की बेहतर सुविधा के लिए बड़ाग्रां से धर्मशाला तक सीधी बस चलाई जाए।












