मुल्थान-बड़ा ग्रां सड़क को डेढ़लैन करने की मांग तेज, स्थानीय लोगों व पर्यटकों को हो रही भारी परेशानी
बैजनाथ उपमंडल की छोटा भंगाल घाटी के स्थानीय लोगों ने मुल्थान-बड़ा ग्रां सड़क मार्ग को डेढ़लैन बनाने की पुरजोर मांग उठाई है। यह मार्ग मुल्थान, कोठी कोहड़, बड़ा ग्रां, घड़सा, राजगुंधा और विश्वप्रसिद्ध विल्लिंग पैरा ग्लाइडिंग स्थल से होता हुआ बीड़ से जुड़ता है। क्षेत्र के सुरजीत सिंह, प्यार चंद, दर्शन कुमार, रूमी राम, देश राज, संजय कुमार, रूप लाल, पूर्ण चंद, जसवंत सिंह और जगवीर सिंह सहित कई लोगों ने बताया कि बरोट और राजगुंधा जैसे उभरते पर्यटन स्थलों के चलते इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। स्थानीय वाहन चालकों और पर्यटकों को संकरी सड़क के कारण बार-बार जाम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। लोगों ने बताया कि मंडी और धर्मशाला से आने वाले पर्यटक इस मार्ग से होकर एक-दूसरे घाटी की ओर रुख करते हैं, लेकिन सड़क की खराब हालत के चलते उन्हें काफी परेशानी होती है। स्थानीयों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क मार्ग को डेढ़लैन बनाकर आवाजाही को सुगम बनाया जाए ताकि क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिले और स्थानीय जनता को भी राहत मिल सके।












