मट्ट सैण की आवासीय कालोनी पर भूस्खलन का खतरा मंडराया
वरिष्ठ नागरिक सुधार सभा अप्पर सैण/मट ने उपायुक्त मंडी को लिखे पत्र में कहा है कि मट्ट के सामने अप्पर सैण आवासीय कालोनी को भारी बारिश के कारण भूस्खलन से नुकसान होने का खतरा बन गया है। प्रधान भूपेंद्र पाल डोगरा ने बताया कि भारी बारिश से मलबा सड़क पर आ गया है जिस कारण से लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। सड़क पर लगतार बड़ी बड़ी चट्टानें आ रही हैं व मिट्टी भर गई है। गणपति मंदिर से लेकर मट्ट तक बुरा हाल है। लोक निर्माण विभाग यहां से मलबे को उठा नहीं रहा है जिस कारण से आवासीय कालोनी को खतरा पैदा हो गया है। मलबे ने बिजली की तारें भी तोड़ दी हैं व बड़े बड़े पेड़ रास्ते पर आ गए हैं । इसका जल्द कोई हल न निकाला तो कोई भी बड़ा नुकसान हो सकता है। आग्रह किया गया है कि आवासीय कालोनी के लोगों की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द राहत कार्य किया जाए।












