मंडी में शराब ठेके के खिलाफ बड़ा बवाल, महिलाओं ने पुलिस के सामने जड़ा ताला
मंडी। जिला मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र के बस्सी पंचायत में खुले शराब ठेके को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। बीते चार दिनों से ग्रामीण, खासकर महिलाएं, ठेके के खिलाफ दिन-रात धरने पर बैठी हैं और अब यह आंदोलन और अधिक उग्र रूप ले चुका है।
दरअसल, बस्सी पंचायत में खुले शराब ठेके को बाद में एक किलोमीटर दूर फंगयार में स्थानांतरित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीणों का विरोध कम नहीं हुआ। लोग साफ तौर पर कह रहे हैं कि वे किसी भी सूरत में अपनी पंचायत के भीतर शराब का ठेका नहीं चाहते।
पुलिस की मौजूदगी में बढ़ा तनाव
शनिवार को स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब गोहर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान ठेके पर एक व्यक्ति को शराब की बोतल बेचे जाने की घटना सामने आई, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया।
महिलाओं ने जड़ा ताला, लगाए नारे
घटना के बाद आक्रोशित महिलाओं ने पुलिस की मौजूदगी में ही “होश में आओ” के नारे लगाए और विरोध स्वरूप शराब ठेके पर ताला जड़ दिया। मौके पर माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा।
डीसी कार्यालय पहुंचे ग्रामीण
चार दिनों से लगातार जारी धरना-प्रदर्शन के बावजूद समाधान न निकलने पर शनिवार को बस्सी पंचायत के लोग मंडी पहुंचे और डीसी से मुलाकात की। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें अपनी पंचायत में किसी भी हालत में शराब का ठेका स्वीकार नहीं है और इसे तुरंत बंद किया जाए।
फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामला विचाराधीन है, लेकिन ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है।












