कंसा चौक में केंद्र सरकार बनाए इंडोर खेल स्टेडियम: चमन राही
- कहा, तीन विधानसभाओं के युवाओं को होगा लाभ
कंसा चौक डडौर बल्ह मंडी में स्पोर्ट्स अकादमी द्वारा दूसरी वॉलीबॉल प्रतियोगिता व माहूंनाग मेले का शुभारंभ किया गया। इसमें अखिल भारतीय दलित पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग परिषद के महासचिव एवं राज्य प्रवक्ता चमन राही ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में लड़कों व लड़कियों की डेढ़ दर्जन टीमों ने भाग लिया। मुख्यातिथि चमन राही ने खिलाड़ियों को प्रतिज्ञा दिलाते हुए नशे के खिलाफ अभियान का आह्वान किया। युवाओं ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर शासन व प्रशासन का साथ देते हुए नशे बेचने वालों को जेल की सलाखों के पीछे धकेलेंगे। चमन राही ने कहा कि स्पोर्ट्स अकादमी कंसा चौक, पक्ष विपक्ष के सभी नेताओं को साथ लेकर धर्मशाला के खेल स्टेडियम की तर्ज पर कंसा चौक में खेल स्टेडियम बनाने की मांग करेंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व पूर्व खेल मंत्री भारत सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार से इंडोर स्टेडियम बनाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम बनाने से तीन विधानसभा क्षेत्र बल्ह, सुंदरनगर व नाचन के युवाओं को लाभ मिलेगा। चमन राही ने कहा कि शिमला, धर्मशाला, बिलासपुर आदि जिलों में खेल स्टेडियम बनें हैं, लेकिन मंडी से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी होने के बावजूद आज दिन तक खेल स्टेडियम नहीं बनाया गया। इस अवसर पर चमन राही ने आयोजन समिति को 5100 रुपए भेंट किए। इस मौके पर स्पोर्ट्स अकादमी के संयोजक रमेश वालिया, भवानी आजाद, ओबीसी संयोजक कर्म सिंह सैनी, बडसू पंचायत के प्रधान गोविंद वर्धन, मिल्क सोसायटियों के संयोजक उपेंद्र ठाकुर व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












