हडसर में आंधी तूफान से बीएसएनएल और जिओ का टावर गिरा, एयरटेल टावर भी क्षतिग्रस्त, नेटवर्क सेवा प्रभावित
उपमंडल सरकाघाट की ग्राम पंचायत पटडीघाट के हडसर में बीएसएनएल और जिओ कंपनी का संयुक्त टावर तेज तूफान की वजह से भरभरा कर नीचे गिर गया। बीएसएनएल का टावर गिरने की बजह से साथ लगा एयरटेल कंपनी का टावर भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे क्षेत्र में बीएसएनएल और जिओ की संचार सेवाएं भी प्रभावित हुई है। हादसे की आवाज इतनी जबरदस्त थी की गांव के लोग दहशत में आ गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। क्षेत्र में सोमवार सुबह आये तेज आंधी-तूफान के चलते कई जगहों पर पेड़ भी उखड़ कर गिर गए हैं। हालांकि तेज तूफान की बजह से क्षेत्र में कोई जनहानि नहीं हुई है। तेज तूफान के कारण लोग काफी सहम गए थे। तूफान थमने पर क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार बीएसएनएल का टावर 13 वर्ष पहले भी भारी तूफान की वजह से गिर गया था। उसके बाद बीएसएनएल और जियो कंपनी ने ग्रामीणों को अच्छी नेटवर्क की सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नया मोबाइल टावर लगाया था। यह टावर पिछले कई सालों से कार्य कर रहा था, जो सोमवार सुबह आये तेज आंधी तूफान की वजह से उखड़कर जमींदोज हो गया।












