गावर कंपनी की लापरवाही से पुल टूटा, मंदिर जलमग्न, कांग्रेस विधायक की चुप्पी पर भाजपा का वार
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के पाड़छु में गावर कंपनी द्वारा बनाए जा रहे पुल के निर्माण में भारी अनियमितता सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर स्थित इस पुल का निर्माण शटरिंग तकनीक के स्थान पर अवैध रूप से खड़ में मिट्टी भरकर किया गया, जिसका स्थानीय जनता व विपक्ष ने पहले ही विरोध किया था। बावजूद इसके न कंपनी ने चेतावनी मानी और न प्रशासन ने संज्ञान लिया। अब शुरुआती बरसात में जलस्तर बढ़ने से खड़ में पानी का बहाव रुक गया, जिससे पीछे का हिस्सा जलमग्न हो गया। इसी जलभराव में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र गासीयां माता मंदिर डूबने की कगार पर है। साथ ही मिट्टी पर खड़े किए गए पुल का भारी ढांचा ढह गया, जिससे गावर कंपनी की लापरवाही और तकनीकी विफलता उजागर हुई है। इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा प्रवक्ता राजीव आर्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पहले तो विधायक ने कंपनी के खिलाफ खूब बयान दिए, एफआईआर तक करवाई, लेकिन पिछले कुछ महीनों से रहस्यमयी चुप्पी साध ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं कोई सौदेबाजी तो नहीं हुई? राजीव आर्य ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि गावर कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, लापरवाह अधिकारियों को दंडित किया जाए और गासीयां माता मंदिर के पुनर्निर्माण हेतु तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं। भाजपा ने कहा कि वे धर्मपुर की जनता के साथ हर मंच पर खड़े रहेंगे।












