बरोट-घटाशनी सड़क मार्ग धंसा, चौहार और छोटा भंगाल घाटी का संपर्क टूटा
चौहार घाटी व छोटा भंगाल घाटी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बरोट-घटाशनी मुख्य सड़क मार्ग गुराहला के पास लगभग तीन किलोमीटर दूर पूरी तरह से धंस गया है और ऊहल नदी में समा गया है। वहीं बरोट बस स्टैंड के पास भी डंगा ढह जाने से यह मार्ग गुराहला से बरोट तक पूर्णतः अवरुद्ध हो गया है, जिससे दोनों घाटियों का संपर्क कट गया है। वाहनों की आवाजाही रुक गई है और बरोट से गुराहला तक लंबी कतारें लगी हुई हैं। निचले क्षेत्रों से आने वाले लोगों को वोचिंग-लपास होते हुए चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। बरोट–मियोट और मुल्थान–बड़ा ग्रां सड़क मार्ग भी भूस्खलन के कारण दोबारा बंद हो गए हैं। नकदी फसलें जैसे आलू, गोभी, मूली और धनिया खेतों में तैयार खड़ी हैं, लेकिन सड़कें बंद होने से किसान फसल नहीं बेच पा रहे हैं और भारी नुकसान झेल रहे हैं। गुराहला में ऊपरी पहाड़ी दरक रही है और नीचे ऊहल नदी उफान पर है, जिससे बहाली कार्य में देरी हो रही है। बरोट पंचायत द्वारा बनाई गई सुरक्षा दीवार और क्रेटवाल बह चुके हैं। संजीव कुमार का मकान खतरे की जद में आ गया है और उसका आंगन और डंगा ढह चुका है, साथ ही रसोई और शौचालय में दरारें आ गई हैं। राजस्व विभाग और पंचायत ने निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की है और सभी प्रभावित परिवारों को अन्यत्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं।












