जनगणना ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के तबादलों पर रोक, 31 मार्च 2027 तक नहीं होंगे ट्रांसफर
हिमाचल प्रदेश में जनगणना-2027 के कार्यों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर 31 मार्च 2027 तक रोक लगा दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों और जिला उपायुक्तों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
सरकार का कहना है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए संबंधित कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से जनगणना ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले फिलहाल रोक दिए गए हैं।
जीएडी के निर्देशों के बाद जिलों के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारियों (एडीएम) ने भी विभिन्न विभागों को पत्र भेजकर जनगणना कार्य में तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों की सूची साझा की है, ताकि तबादलों के दौरान इनका विशेष ध्यान रखा जा सके।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनगणना-2027 से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत महत्वपूर्ण वैधानिक जिम्मेदारियां निभाएंगे। ऐसे में जनगणना प्रक्रिया पूरी होने तक उनकी सेवाएं संबंधित स्थानों पर आवश्यक मानी जाएंगी।






