पाठशाला मुल्थान में भवन सामग्री की नीलामी स्थगित, नई तिथि बाद में घोषित होगी
छोटाभंगाल घाटी की राजकीय प्राथमिक पाठशाला मुल्थान में छात्रावास के दो असुरक्षित भवनों एवं एक मैस भवन की नीलामी फिलहाल स्थगित कर दी गई है। यह जानकारी स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष मंगत राम ने दी। उन्होंने बताया कि यह नीलामी 24 सितंबर को सुबह 11 बजे पाठशाला परिसर में बोली के माध्यम से की जानी थी, जिसमें भवन निर्माण में लगी सामग्री को सार्वजनिक रूप से नीलाम किया जाना था। हालांकि, विभागीय कारणों के चलते यह प्रक्रिया अब स्थगित कर दी गई है। मंगत राम ने कहा कि यह निर्णय शिक्षा विभाग, धर्मशाला के निर्देशानुसार लिया गया है। अब नीलामी विभाग द्वारा निर्धारित नई तिथि पर ही की जाएगी, जिसकी सूचना सर्वसाधारण को समय रहते सार्वजनिक की जाएगी।स्कूल प्रबंधन कमेटी ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे अगली तिथि की घोषणा तक प्रतीक्षा करें और किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। नीलामी की अगली तारीख जैसे ही तय की जाएगी, उसे ग्राम पंचायत, स्कूल नोटिस बोर्ड और अन्य माध्यमों से साझा किया जाएगा।












