अशोक तिवारी ने डीजीपी और गौरव ने एसपी शिमला का अतिरिक्त कार्यभार संभाला
हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी से जुड़े प्रकरण में पुलिस विभाग के दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच टकराव के बाद राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सरकार ने आईपीएस अधिकारी अशोक तिवारी को कार्यकारी पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया है, जबकि सोलन के एसपी गौरव सिंह को शिमला जिले के एसपी पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। दोनों अधिकारियों ने बुधवार को अपने-अपने कार्यभार संभाल लिए हैं। उत्तर प्रदेश मूल के अशोक तिवारी 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें वर्ष 2009 में उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस मेडल और 2019 में राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया था। वहीं, एसपी गौरव सिंह अब सोलन के साथसाथ शिमला में भी अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने शिमला कार्यालय में कार्यभार संभालते ही आज अधिकारियों संग बैठक कर कानून व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा की।












