आईआईटी रूड़की में आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग में पीएचडी करेगी हिमांशु
हिमांशु चौहान का चयन देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी रूड़की में आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग विषय में पीएचडी के लिए हुआ है। इस सफलता के साथ ही वह हिमाचल प्रदेश से इस विषय में पीएचडी करने वाली पहली बेटी बन गई हैं। इस उपलब्धि पर क्षेत्र में गर्व और उत्साह का वातावरण है। उनके माता-पिता को दूर-दराज से बधाइयां मिल रही है।
हिमांशु ने राष्ट्रीय गेट परीक्षा उत्तीर्ण की और इसके बाद उन्होंने भारत के शीर्ष संस्थान योजना एवं वास्तुकला विद्यालय (एसपीए), दिल्ली से अर्बन डिजाइन में मास्टर डिग्री प्राप्त की। इससे पहले उन्होंने नगरोटा कांगड़ा के राजकीय गांधी यांत्रिकी महाविद्यालय से आर्किटेक्चर में स्नातक किया था, जिसमें उन्हें एनआईटी हमीरपुर के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था।
हिमांशु मूलतः राजगढ़ के दूरस्थ गांव कुड़िया कड़ंग से संबंध रखती हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शंकर विद्या निकेतन से प्राप्त की और फिर नवोदय विद्यालय नाहन से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की। बचपन से ही मेहनती रही हिमांशु ने एनएटीए परीक्षा पास कर आर्किटेक्चर में करियर चुना और अपने मजबूत इरादों से अब शोध की ऊंचाइयों तक पहुंच गई हैं।






