लांगणा स्कूल में चला नशा विरोधी अभियान, छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
जिला पुलिस मंडी द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लांगणा में नशे की रोकथाम के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए नशे के सामाजिक, शारीरिक और मानसिक प्रभावों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहकर अपने परिवार और समाज को सशक्त बनाने में योगदान दें। कार्यक्रम में छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में उन्होंने रंगों के माध्यम से नशा विरोधी संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। भाषण प्रतियोगिता में सारिका राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि चित्रकला में पायल प्रथम रहीं। दोनों छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य बालक राम भारद्वाज ने जिला पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान छात्रों के मानसिक विकास और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करते हैं। उन्होंने आशा जताई कि इस तरह के प्रयास युवाओं को नशे से दूर रखने में सहायक सिद्ध होंगे।












