मेरिट लिस्ट में नाम दर्ज कर पाठशाला का नाम रोशन करने वाली अनामिका और वंशिका सम्मानित
पीएम श्री राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिंदर नगर में सोमवार को स्कूल प्रबंधन समिति की आमसभा प्रधानाचार्य मनोज चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस सभा में 150 से अधिक अभिभावकों और शिक्षकों ने भाग लिया। सभा के दौरान स्कूल प्रबंधन समिति के नए प्रधान का चुनाव भी हुआ, जिसमें सावित्री देवी को सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य मनोज चौहान ने स्कूल की दो मेधावी छात्राओं अनामिका ठाकुर और वंशिका को सम्मानित किया। दोनों छात्राओं ने 10+2 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त किया। अनामिका ठाकुर ने बोर्ड में सातवां स्थान और वंशिका ने दसवां स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम पूरे क्षेत्र में रोशन किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि स्कूल प्रबंधन छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने दोनों छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












