रकतल गांव में गम का माहौल, मासूम बेटे ने दी पिता को मुखाग्नि
-मोहाली में टैक्सी चालक अनिल कुमार की बेरहमी से हत्या, गांव में उमड़ा जनसैलाब
तहसील क्षेत्र की पंचायत बघैर-रकतल के गांव रकतल निवासी मृतक टैक्सी चालक अनिल कुमार का शव बुधवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही पूरे गांव में माहौल गमगीन हो गया। परिजनों सहित गांववासियों की आंखें नम हो गईं।बीते मंगलवार को मोहाली में अनिल कुमार का शव बरामद हुआ था। जानकारी के अनुसार, नयागांव कैब चालक अनिल कुमार का अज्ञात हमलावरों ने अपहरण कर उनकी हत्या कर दी थी। जम्मू-कश्मीर के तीन लोगों ने खरड़ से उनकी टैक्सी किराए पर ली थी। इसके बाद उनका मोबाइल अचानक बंद हो गया और वाहन भी गायब मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमें गठित कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।शव गांव पहुंचते ही पिता रमेश चंद, माता रानी देवी और पत्नी सुधा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के आंसुओं ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। तीन वर्षीय मासूम रियांश ने अपने मृतक पिता को कुड श्मशान घाट में मुखाग्नि दी। मासूम को अब भी इस बात का अंदाजा नहीं कि उसके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे।अनिल कुमार के घर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों में जोगिंदरनगर विधायक प्रकाश राणा, जोगिंदरनगर विकास मंच के संस्थापक केके सकलानी, माकपा नेता कुशाल भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। माकपा नेता कुशाल भारद्वाज ने कहा कि अनिल कुमार की हत्या एक जघन्य अपराध है। उन्होंने कहा कि अनिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और इलाके का होनहार युवक था। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस हत्या को आतंकवादी वारदात घोषित किया जाए, मृतक को शहीद का दर्जा मिले, परिजनों को राहत राशि दी जाए और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।गांव में हर ओर शोक की लहर है और लोग इस नृशंस हत्या की कड़ी निंदा कर रहे हैं।












