मानसून आपदा से निपटने के लिए तैयार रहे सभी विभाग व जनप्रतिनिधि,एसडीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
मानसून में आपदा के समय प्रशासनिक तैयारियों और इसके प्रबंधन को लेकर एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर के सभागार में बैठक का आयोजन किया जिसकी अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की। एसडीएम ने कहा कि मानसून के मौसम में अत्याधिक वर्षा होने से नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन और बादल फटने इत्यादि से जनजीवन प्रभावित होता है। ऐसी किसी भी आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से त्वरित करवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने बताया कि मानसून के मौसम में उपमंडल में आपदा से निपटने और प्रशासन तक जानकारी उपलब्ध करवाने और सहायता प्रदान करने के लिए एसडीएम कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे लोगों की सहायता और राहत के लिए खुला रहेगा। एसडीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों को उपमंडल सुंदरनगर की सभी कूहलों, नालों की सफाई समय पर करवाने के निर्देश दिए ताकि भारी वर्षा में पानी की निकासी आसानी से हो सके और कहा कि मुख्य मार्गों पर ब्लैक स्पॉट को चिह्न्ति किया जाए, वहां पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध के लिए कारगर कदम भी उठाए जाएं ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके। एसडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून सीजन में भूस्खलन की दृष्टि से संवदेनशील मार्गों में जेसीबी इत्यादि उपकरणों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, स्वास्थ्य विभाग को बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम संबंधी दवाइयां उपलब्ध कराने, जल शक्ति विभाग को पानी के टैंकों की निरंतर सफाई, विद्युत विभाग को आपदा की स्थिति में बिजली उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दुर्गम क्षेत्रों में खाद्य वस्तुओं के भंडारण के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि सड़कों इत्यादि के अवरूद्व होने पर ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य वस्तुओं की कमी नहीं रहे। बैठक में पंचायती राज विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायत स्तर पर लोगों को बाढ़ से बचाव के लिए जागरूक करें और पंचायत प्रतिनिधि भी सहयोग के लिए तैयार रहे। साथ ही एसडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों से अपने संसाधनों और मशीनरी को हर समय तैयार रखने तथा अपने विभाग के संसाधनों और जिम्मेदार व्यक्तियों के मोबाइल नंबर सांझा करने के भी निर्देश दिए।












