प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को जॉब ट्रेनी के नाम पर ठगने का कांग्रेस सरकार पर आरोप: चौहान
भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं अधिवक्ता अजय चौहान ने जॉब ट्रेनी मामले पर कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को ठगने का एक नया जाल है, नौकरियों का मुद्दा ना उठे इसके लिए यह सरकार के लिए एक साल का जीवनदान है। चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल युवाओं को ठगने और शोषित करने का काम करती आ रही है। चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लाइब्रेरी में अनेकों युवा एग्जाम की तैयारी करते हैं पर अगर एग्जाम आते हैं तो वह रद्द हो जाते हैं या उनका परिणाम रुक जाता है। यह वही सरकार है जिन्होंने नौकरी देने वाले संस्थान बंद कर दिए और एक ही अधिसूचना से हिमाचल प्रदेश के 1.50 लाख पदों को समाप्त कर दिया, रोजगार के अवसर एवं साधन भी समाप्त कर दिए। ना आउटसोर्स पॉलिसी बनी ना नौकरी देने का कोई रास्ता खुला।












