तेज रफ्तार बाइक ने युवक को मारी टक्कर, दोनों घायल नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन
उपमंडल बल्ह के अंतर्गत सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने एक युवक को टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब रजनिश सोनी पुत्र श्री गोपाल सिंह, निवासी गांव व डाकघर चांबी (तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी), फोरलेन सड़क किनारे पैदल चलते हुए अपने दोस्त के ढाबे की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शी राजेंद्र कुमार पुत्र सोहन लाल, निवासी गांव जगनौण (तहसील व डाकघर बलद्वाड़ा, जिला मंडी), ने पुलिस थाना बल्ह में दी शिकायत में बताया कि वह रात 11 बजे के करीब अपने ढाबे से कमरे की ओर जा रहा था, तभी मंडी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल ने सड़क क्रॉस कर रहे रजनिश सोनी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रजनीश मौके पर ही बेहोश हो गया और मोटरसाइकिल चालक भी सड़क पर गिर पड़ा। राजेंद्र कुमार ने बताया कि घायल मोटरसाइकिल चालक उस वक्त बात करने की स्थिति में था। उसने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एक राहगीर की मदद से गाड़ी में बैठाकर नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मोटरसाइकिल की रफ्तार बहुत अधिक थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था।












