दो परिवारों पर टुटा दुखों का पहाड़ जमीन घर तबाह होने के कगार पर
गत रात हुई भारी बारिश से बल्ह क्षेत्र की ग्राम पंचायत दूसरा खाबू निबासी मनोज कुमार और नरेश कुमार दोनों सगे भाइयों पर दुखों का पहाड़ टूट गया। बारिश ने ऐसी तबाही मचाई की दोनों परिवारों के घरों के पीछे लगती पहाड़ी ही दरक गई जिसका हजारों टन मलवा खिसकता हुआ उनके घरों तथा साथ बनी दो गौशालााओं पर आ गिरा जिससे उनके मकानों और गौशालााओं में बड़ी बड़ी दरारे आ गई तथा यह ढहने के कगार पर आ गये है। जैसे-जैसे मलवा आगे की ओर खिसक रहा है उससे उनके मकानों के जमीदोज होने का खतरा बन गया है। जहां मनोज कुमार का पांच कमरों का एक मंजिला पक्का मकान है वहीं उसके भाई नरेश का 9 कमरों का दो मंजिला पक्का मकान है। दोनों भाइयों ने कड़ी मेहनत से पाई पाई जुटाकर अपने मकान बनाये थे लेकिन आपदा ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों मकानों को खाली करने का काम जारी है। स्थानीय प्रशासन की ओर से दोनों परिवारों को दस- दस हजार रूपये की फोरी राहत प्रदान कर दी गई है। इसके साथ विधायक इंद्र सिंह गांधी ने भी मौका कर प्रभावित परिवारों को अपनी ओर से इतनी ही राशि प्रदान की है तथा मलवा हटाने के लिये विधायक निधि से एक लाख रूपये देने की घोषणा की है। वहीं एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने कहा कि प्रभावित परिवारों की जरुरी सहायता को लेकर उन्होंने सबंधित विभागीय अधिकारीयों को जरुरी निर्देश दिए है उन्होंने कहा है कि सरकार प्रभावितों की पूरी मदद करेगी।












