मंडी में श्रद्धा पूर्वक मनाया 14वें दलाईलामा का 90वां जन्मदिवस, तिब्बती सेटलमेंट कार्यालय ने किया आयोजन
रविवार को 14वें दलाईलामा के 90वें जन्मदिवस को मंडी में श्रद्धा और गर्मजोशी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश सह-संयोजक सन्नी ईपन ने दलाईलामा की लंबी उम्र की कामना की और उन्हें आदरपूर्वक खड़ा अर्पित किया। सन्नी ईपन ने यह भी आश्वासन दिया कि हिमाचल प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग हमेशा प्रदेश के सभी अल्पसंख्यक समुदायों के हित में खड़ा रहेगा, जिनमें बुद्धिस्ट समुदाय भी शामिल है। इस कार्यक्रम का आयोजन तिब्बती सेटलमेंट कार्यालय की ओर से किया गया, जिसमें पंडोंह, सुंदरनगर, मंडी और रिवालसर सहित आसपास के क्षेत्रों से सैंकड़ों अनुयायियों ने भाग लिया। तिब्बती सेटलमेंट कार्यालय के कार्यकर्ता तेनजीन ने इस आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दलाईलामा का जन्मदिवस दो दिन तक मनाया जाएगा। इस दौरान दोनों दिनों में तीन समय का भोजन तिब्बती सेटलमेंट कार्यालय द्वारा सुनिश्चित किया गया है। इस कार्यक्रम ने दलाईलामा के प्रति श्रद्धा और आदर को और भी प्रगाढ़ किया, और स्थानीय तिब्बती समुदाय के बीच एकता और भाईचारे का संदेश दिया।












