करसाल खड्ड में डूबने से 16 वर्षीय किशोर की मौत, पुलिस जांच में जुटी
उपमंडल लडभड़ोल की पिहड-बेढलू पंचायत के करसाल गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शुभम पुत्र अर्जुन के रूप में हुई है, जो अपने दोस्तों के साथ करसाल खड्ड में नहाने गया हुआ था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खड्ड का पानी अधिक गहरा होने के कारण शुभम उसका शिकार बन गया और डूब गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस के माध्यम से शुभम को बैजनाथ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही शुभम ने दम तोड़ दिया।बैजनाथ अस्पताल के चिकित्सकों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लडभड़ोल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों और साथ मौजूद दोस्तों के बयान दर्ज कर लिए हैं।लडभड़ोल पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि किशोर की डूबने से मौत हुई है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। स्थानीय पंचायत प्रधान को भी घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।












