युवा नेतृत्व को कमान, वैश्विक बदलाव में भागीदारी को रोटरी क्लब तैयार
रोटरी इंटरनेशनल के सत्र 2025-26 में रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर ने युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का निर्णय लेते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। लक्ष्मी बाजार स्थित कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक में क्लब के सचिव सुशील पठानिया ने जानकारी दी कि इस बार समाज के प्रबुद्ध नागरिकों को क्लब की सदस्यता में शामिल कर वैश्विक परिवर्तन में रोटरी की भागीदारी को और सशक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 40 सदस्यों वाले रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर की सालभर की उत्कृष्ट उपलब्धियों को देखते हुए आगामी 1 जुलाई को क्लब की कमान डॉ. चंद्रभूषण शर्मा (अध्यक्ष) और अधिवक्ता रणजीत सिंह चौहान (सचिव) को सौंपी जाएगी। इस अवसर पर अन्नपूर्णा दिवस भी मनाया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ रोटेरियन अजय ठाकुर ने बताया कि नए नेतृत्व को रोटरी के पायलेट प्रोजेक्टों से जोड़कर न केवल युवाओं को लाभान्वित किया जाएगा, बल्कि रोजगार के नए अवसरों के लिए रोटरी इंटरनेशनल से विशेष बजट की मांग भी की जाएगी। पूर्व अध्यक्ष इंजीनियर सुरेंद्र ठाकुर व मेजर ज्ञान चंद बरवाल ने कहा कि क्लब की वार्षिक कार्यप्रणाली को लेकर रोटरी के उच्चाधिकारियों ने भी संतोष जताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। बैठक में मौजूद डॉ. शशि सकलानी और डॉ. भाग चंद ने बताया कि वर्ष 2015 में स्थापित रोटरी क्लब जोगिंद्रनगर आज अपनी उपलब्धियों के दम पर शीर्ष 120 क्लबों में स्थान प्राप्त कर चुका है। आगामी योजनाओं में रक्तदान, पौधारोपण, और आपदा में राहत कार्य जैसी गतिविधियों को जमीनी स्तर पर लागू करने की रूपरेखा भी तैयार की गई है, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में रोटरी की भूमिका और सुदृढ़ हो सके।












