कार हादसे में युवक की मौत, पड्डल गुरुद्वारा के पास हुआ दर्दनाक हादसा
मंडी शहर के पड्डल गुरुद्वारा के पास बीती देर रात एक दर्दनाक हादसे में 29 वर्षीय युवक की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, मंडी बस स्टैंड की ओर से भ्यूली की तरफ जा रही एक क्रेटा कार (नंबर एचपी-33एफ-7771) मंडी-कुल्लू हाईवे पर अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे लुढ़क गई। कार स्थानीय निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र बलदेव सिंह के घर की छत पर जा गिरी। युवक सुजन सैनी (29) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोग प्रशासन से सड़क के आसपास सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।












