हिमाचल डेंटल कॉलेज सुंदरनगर में मनाया विश्व तंबाकू निषेध दिवस, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हिमाचल डेंटल कॉलेज सुंदरनगर में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और उद्देश्यपूर्ण भावनाओं के साथ किया गया। गौरतलब है कि यह दिवस प्रतिवर्ष तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को सचेत करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत शहर में सुबह एक जन जागरूकता रैली के साथ हुई, जो सुंदरनगर झील से कॉलेज परिसर तक निकाली गई। इस रैली में कॉलेज के डेंटल छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नारे लगाकर आमजन को तंबाकू के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। रैली में विशेष रूप से सुंदरनगर के एसडीएम अमर नेगी ने सहभागिता कर छात्रों का उत्साहवर्धन किया और इस मुहिम को समर्थन प्रदान किया। रैली के बाद कॉलेज के प्रांगण में एक शैक्षिक सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. बलजीत सिंह ने तंबाकू के सेवन से मसूड़ों, दांतों तथा मौखिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों पर व्याख्यान दिया, जिससे छात्रों में इस विषय को लेकर वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जागरूकता उत्पन्न हुई। कार्यक्रम का समापन एक ऑनलाइन पैनल डिस्कशन के माध्यम से हुआ, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ वक्ताओं ने भाग लिया। इस पैनल में पीजीआई चंडीगढ़ के डॉ. निशांत मेहता, कनाडा से डॉ. सुमेधा कुशवाहा, इंग्लैंड से डॉ. बाला भार्गव प्रथम, जिला तंबाकू व नारकोटिक्स नियंत्रण अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर और मेरठ से डॉ. श्वेता खुराना मौजूद रहे। इन सभी विशेषज्ञों ने अपने अनुभव व ज्ञान को साझा करते हुए तंबाकू निषेध से जुड़ी वैश्विक रणनीतियों, नीतियों और वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। चर्चा के अंत में छात्रों द्वारा पूछे गए सवालों का सटीक और वैज्ञानिक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इस पैनल के माध्यम से छात्रों को एक वैश्विक दृष्टिकोण और इंटरनेशनल एक्सपोजर प्राप्त हुआ, जो उनके शैक्षणिक और व्यावसायिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इस पूरे आयोजन का सफल संचालन कॉलेज के निदेशक डॉ. अनिल सिंगला और डॉ. विकास जिंदल के मार्गदर्शन में हुआ। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम को सफल बनाने में इंडियन डेंटल एसोसिएशन सुंदरनगर ब्रांच की अध्यक्ष डॉ. ममता महाजन, सचिव डॉ. वसुंधरा पठानिया तथा पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग के डॉ. साहिल ठाकुर, डॉ. रमेश रानी, डॉ. साहिल नेगी और द्रौपदी का विशेष योगदान रहा। यह आयोजन न केवल शैक्षणिक स्तर पर बल्कि सामाजिक दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा, जिसने युवाओं में तंबाकू निषेध की चेतना को सशक्त रूप से जागृत किया।












