विश्व पर्यावरण दिवस पर आईटीआई में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्षेत्रीय प्रयोगशाला के तत्वावधान में वीरवार को राजकीय आईटीआई (पीडब्ल्यूडी) सुंदरनगर में विश्व पर्यावरण दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति ट्रेनिज एवं स्टाफ को जागरूक करने के उद्देश्य से चित्रकला, सुलेख और नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके साथ-साथ संस्थान में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं जागरूकता रैली भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में चमन ठाकुर, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय प्रयोगशाला, हिमाचल प्रदेश की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ प्रमिला, रेनू, बनीता तथा पूजा, कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारीगण भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को पर्यावरण के महत्व, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास पर उपयोगी जानकारी दी। संस्थान के विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में आईटीआई के फीटर ट्रेड प्रथम वर्ष के कशिश पहले, इलेक्ट्रीशियन द्वितीय वर्ष के राहुल दूसरे और इलेक्ट्रीशियन प्रथम वर्ष की इशिका चौधरी तीसरे स्थान पर रही। सुलेख प्रतियोगिता में इलेक्ट्रीशियन प्रथम वर्ष के परीक्षित भारद्वाज प्रथम, फीटर ट्रेड प्रथम वर्ष के रोहन ठाकुर द्वितीय और ड्राफ्ट्समैन सिविल प्रथम वर्ष की दीपिका तृतीय स्थान पर रहे। इसके साथ लेखन प्रतियोगिता का प्रथम स्थान इलेक्ट्रीशियन प्रथम वर्ष के दलजीत सिंह, द्वितीय स्थान सीओपीए की मुस्कान और तृतीय स्थान फीटर ट्रेड प्रथम वर्ष के अभिषेक के नाम रहा। संस्थान के समूह अनुदेशका सीता देवी एवं समस्त स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। संस्थान के प्रधानाचार्य ई. विजय कुमार द्वारा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम एवं सभी प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया गया और पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।












