एनएच की कटिंग के बाद खतरे की जद में आए दो मकान, बिजली का पोल लटका
उपमंडल की सरसकान पंचायत के बरोटी (ठाणा) में हुए भारी भूस्खलन से दो मकानों को खतरा उत्पन्न हो गया है। भूस्खलन का कारण एनएच निर्माण में लगी कंपनी द्वारा की गई कटिंग बताई जा रही है। बरोटी के पास सन्यारढी से ठाणा तक बन रहे बाईपास की कटिंग के बाद रविवार को मूसलाधार बारिश में लहासा गिर गया जिससे रमेश चंद पुत्र निक्का राम और सतीश कुमार पुत्र लछमन सिंह के मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया। इस भूस्खलन की जद में बिजली का पोल भी आ गया है जो कभी भी गिर कर साथ लगते गांवों की विद्युत आपूर्त बाधित कर देगा। मौका पर आए पंचायत प्रधान उमेश ललित ने बताया कि कटिंग करा रही कंपनी के प्रतिनिधि को मामले से अवगत करवा कर सोमवार से सुरक्षा दीवार का कार्य शुरू करने और बिजली का पोल बदलने के लिए कहा गया है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचाव हो सके, वहीं एसडीएम धर्मपुर जोगेंद्र पटियाल ने बताया कि प्रधान द्वारा भूस्खलन देने के फौरन बाद बचाव कार्य तेज कर दिया गया है और दोनों परिवारों को तिरपाल दिए जा रहे हैं ताकि बचे भाग को बारिश से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि उपमंडल में आपदा से बचने के समुचित प्रबंध किए गए हैं तथा सरकारी तंत्र को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।












